Dhanbad: नया साल 2024 की गिनती अब घंटे में शुरू हो गई है। नया साल का स्वागत करने के लिए लोग उत्साहित है। लोग चाह रहे हैं कि वर्ष 2024 का स्वागत नई ऊर्जा और उमंग के साथ किया जाए। इसके साथ ही पिकनिक स्पॉट पर लोगों का पहुंचना भी शुरू हो गया है। मैथन डैम हो या पंचेत डैम, तोपचांची झील हो या भठिंडा फॉल, सभी जगह पर लोग पहुंचने लगे है। हालांकि यह भीड़ पहली जनवरी से काफी बढ़ जाएगी। पहली जनवरी से लोग परिवार के साथ पिकनिक का आनंद लेने, सैर सपाटा करने निकलेंगे। तोपचांची और मैथन में भीड़ अधिक होती है। दोनों की भौगोलिक बनावट भी कुछ ऐसी है कि लोगों को यह काफी आकर्षित करती है।
नये साल के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक मैथन डैम, तोपचांची झील, पंचेत डैम और भटिंडा फॉल की ओर रुख करते हैं। वैसे साल के हर महीने पर्यटकों का यहाँ आना-जाना लगा रहता है, लेकिन जनवरी और फरवरी के महीने में यहाँ लाखों की संख्या में पर्यटक आते हैं, जिसके लिए डीवीसी और प्रशासन संयुक्त पहल कर रहा है। इसके लिए मैथन के प्रशासनिक भवन में बैठक भी हो चुकी है। डीवीसी और प्रशासन की बैठक में मैथन डैम को दुल्हन की तरह सजाने-संवारने का का काम किया गया, वहीं पंचेत डैम, और भटिंडा फॉल को भी जिला प्रशासन ने काफी अच्छे ढंग से सजाया है। वहीं धनबाद के दिल्ली कोलकाता मुख्य मार्ग में तोपचांची में अंग्रेजों द्वारा वर्ष 1924 में निर्मित तोपचांची झील भी पर्यटकों के लिए पूरी तरह से तैयार है। यह झील अब अपने सौ वर्ष पूरे करने वाला है। इस वजह से लोगों में इस झील की सुंदरता को निहारने की ज्यादा उत्सकुता दिख रही है।
बता दें कि जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर की दूरी पर झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर प्रकृति की गोद में स्थित मैथन और पंचेत डैम का दृश्य अद्भुत है। जिससे पर्यटक आकर्षित होते हैं। मैथन डैम, मिलेनियम पार्क, गोल्डन पार्क, नेहरू पार्क में विभिन्न कृत्रिम जंगली जानवरों, रंग-बिरंगे फूलों के बगीचों की साफ-सफाई और आकर्षक डिजाइनों से सजाया गया है, ताकि पर्यटक अपना सारा तनाव भूलकर इस खूबसूरत घाटी में मंत्रमुग्ध हो जाएं। इस हसीन वादी में आप प्रकृति की अद्भुत सुंदरता का लुत्फ उठा सकते हैं।







