DHANBAD : धनबाद पुलिस ने चोरी के कई मामलों का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों अपराधियों के पास से लाखों रुपये के जेवरात, मोबाइल, लैपटॉप, इलेक्ट्रिक ड्रिल मशीन सहित कई चोरी की वस्तुएं बरामद की गई हैं। मामले में धनबाद सीटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बलियापुर थाना में प्रेस वार्ता की जिसमें सिंदरी डीएसपी और बलियापुर थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि बलियापुर थाना क्षेत्र के आमटाल में बीते 1 सितंबर 2025 की रात चंडी चरण चटर्जी के घर से अज्ञात चोरों ने 50 हजार रुपये नगद, सात से आठ भर सोने के गहने, सैमसंग कंपनी का मोबाइल, गाड़ी की चाबी, आधार कार्ड, वोटर कार्ड और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में बलियापुर थाना में मामला दर्ज था। जांच के क्रम में थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने छापेमारी करते हुए झरिया के बालुगदा निवासी बादल महतो और बेलगड़िया कॉलोनी निवासी ललन मंडल उर्फ लाला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने इस चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है बल्कि झरिया, बोरागढ़ और जोरापोखर थाना क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। बताया कि दोनों पेशेवर चोर हैं और इनके खिलाफ झरिया, जोरापोखर, तिसरा और बलियापुर थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी से कुल छह चोरी कांडों का उद्भेदन हुआ है। पुलिस ने बरामद वस्तुओं को जब्त कर न्यायिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।







