DHANBAD : धनबाद के हरिहरपुर, कोरकोट्टा और आसपास के क्षेत्रों में ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से ठगी किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में गुरुवार को हरिहरपुर थाना के सब इंस्पेक्टर पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्राप्त आसूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद के निर्देशानुसार तोपचांची अंचल के पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान हरिहरपुर कोरकोट्टा के छह व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि वे मिलकर ऑनलाइन गेमिंग के जरिए अवैध कमाई करते थे तथा अन्य लोगों को भी प्रलोभन देकर इस अवैध गतिविधि में शामिल करते थे।
इन लोगों द्वारा बताया गया कि गेमिंग से प्राप्त राशि को विभिन्न बैंक खातों में जमा किया जाता था और सभी के बीच पूर्व निर्धारित प्रतिशत के अनुसार लाभ बांटा जाता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह रजिस्टर बरामद किए हैं, जिनमें ऑनलाइन गेमिंग से प्राप्त धनराशि का विस्तृत लेखा-जोखा दर्ज था। साथ ही आठ मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों में मनोज कुमार माथुरी, भरत यादव, सुरज यादव, राजू पांडेय, ऋषि कुमार और धीरज कुमार सिंह शामिल है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।







