DHANBAD धनबाद : संविधान दिवस के अवसर पर पुलिस केंद्र धनबाद में बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार के नेतृत्व में एक विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एसएसपी प्रभात कुमार सहित भारी संख्या मे पुलिस पदाधिकारी और जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया। रक्तदान शिविर के माध्यम से कुल 58 यूनिट रक्त का संग्रह कर जिला स्वास्थ विभाग को सौंपा गया।
शिविर के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति द्वारा एक यूनिट रक्तदान करने से तीन लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। इसके अलावा उन्होंने रक्तदान के स्वास्थ्य लाभ और इसके समाज पर सकारात्मक प्रभाव के बारे में भी जानकारी दी। एसएसपी महोदय ने सभी नागरिकों से भी रक्तदान करने की अपील भी की।
इस मौके पर ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, डीएसपी धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी सुमित कुमार, डीएसपी अरविन्द सिंह, डीएसपी संजीव कुमार और डीएसपी शंकर कामती, सिविल सर्जन आलोक विश्वकर्मा सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित थे। सभी ने मिलकर रक्तदान में भाग लेकर मानवता और समाज सेवा की भावना को प्रकट किया।
इस शिविर के माध्यम से धनबाद पुलिस ने यह संदेश दिया कि संविधान दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह समाज सेवा और नागरिक जिम्मेदारियों को निभाने का अवसर भी है। रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यक्रमों से पुलिस विभाग ने समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और मानवता की भावना को उजागर किया।
शिविर का आयोजन जिला स्वास्थ विभाग और पुलिस विभाग के सहयोग से किया गया, जिससे रक्तदान की प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित रही। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया और समाज में रक्तदान के महत्व को दोहराया।







