DHANBAD धनबाद: धनबाद के बेलगड़िया टाउनशिप में शुक्रवार को डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने बेलगड़िया टी.ओ.पी का उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम में बलियापुर थाना प्रभारी, सिंदरी एसडीपीओ और समिति जेआरडी के अधिकारी भी मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद डीसी और एसएसपी ने बेलगड़िया टाउनशिप के लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
डीसी आदित्य रंजन ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की मंशा बेलगड़िया के लोगों को बेहतर सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में सभी सरकारी संस्थान भी यहीं स्थापित किए जाएंगे, और आबादी बढ़ने के बाद यहां नगर पालिका बनाए जाने पर भी विचार हो सकता है। इसी कड़ी में बेलगड़िया टी.ओ.पी की शुरुआत की गई है, ताकि टाउनशिप के लोगों को छोटी-छोटी शिकायतों के लिए दूर थाना न जाना पड़े।
वहीं, एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि टाउनशिप में बड़ी आबादी बस चुकी है, इसलिए स्थानीय स्तर पर पुलिस व्यवस्था मजबूत करना जरूरी था। टी.ओ.पी में फिलहाल दो पदाधिकारी और आठ पुलिसकर्मी 24 घंटे तैनात रहेंगे। स्थानीय पुलिस की जिम्मेदारी होगी कि यहां की सभी समस्याओं का समाधान यहीं किया जाए।
एसएसपी ने अपील की कि अगर किसी तरह के असामाजिक तत्व शराब पीते हैं, उपद्रव करते हैं या अपराध से जुड़े हैं, तो तुरंत टी.ओ.पी को सूचना दें। उन्होंने बताया कि पेट्रोलिंग बाइक भी यहां उपलब्ध रहेगी, जिससे गश्त और निगरानी तेज होगी।







