DHANBAD धनबाद : आईआईटी (आइएसएम) के 100वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने पहुंचे अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी आईआईटी (आइएसएम) से निकलने के बाद सीधे सरायढेला स्थित नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित पहला कदम स्कूल के दिव्यांग बच्चों से मिलने पहुंचे। जहाँ उन्होंने स्कूल का दौरा किया, दिव्यांग बच्चों से मुलाकात की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की।
विद्यालय के भ्रमण के दौरान, बच्चों की क्षमताओं और ट्रस्ट के कार्य को समझने के उपरांत, गौतम अडानी ने नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट के लिए 3 करोड़ रुपये की विशेष सहयोग देने की घोषणा की, जो अगले 3 वर्षों तक प्रति वर्ष ₹1 करोड़ की राशि के रूप में प्रदान किया जाएगा।
यह पैसा दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, थेरेपी, व्यावसायिक प्रशिक्षण और नए अवसरों के सृजन में खर्च किया जाएगा।
इस अवसर पर श्री अडानी ने दिव्यांग बच्चों के लिए तैयार “नई उड़ान कैफ़े” का भी उद्घाटन किया। यह कैफ़े विभिन्न क्षमताओं वाले बच्चों को व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा, जिसमें कैफ़े संचालन, सर्विंग एवं ग्राहक सेवा, रसोई एवं खाद्य प्रबंधन, स्वच्छता एवं हाइजीन और व्यावहारिक कार्य अनुभव प्रदान करेगा। इस कैफ़े का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को स्वावलंबन, आत्मविश्वास, और रोजगार के अवसर प्रदान करना है।
अपने भ्रमण के दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की, उनकी उम्मीदों और चुनौतियों को समझा और उनके विकास हेतु विशेषज्ञों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कहा, “समाज के हर बच्चे को समान अवसर मिलना चाहिए। ‘नई उड़ान कैफ़े’ जैसे प्रयास बच्चों को कौशल, आत्मसम्मान और सामाजिक पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।”







