DHANBAD धनबाद : धनबाद जिले में लगातार बढ़ रही साइबर ठगी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम को बड़ी सफलता मिली है। साइबर पुलिस ने छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी शहर के विभिन्न हिस्सों में किराए के मकान लेकर साइबर ठगी को अंजाम देते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 8 मोबाइल फोन, 6 सिम कार्ड और दो बाइक भी बरामद किए हैं।
ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में टुंडी थाना क्षेत्र के सचिन कुमार, महेश मंडल और तोपचांची थाना क्षेत्र के विनोद कुमार महतो शामिल हैं। ये तीनों लंबे समय से साइबर ठगी में सक्रिय थे। पहले यह गैंग टुंडी क्षेत्र में काम करता था, लेकिन पुलिस दबिश बढ़ने पर इन्होंने अपना ठिकाना बदलकर शहरी इलाकों में किराए का मकान ले लिया था।
अपराधी APK File, RTO Challan, SBI Reward जैसे फर्जी ऐप्स व लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल से निजी जानकारी चुरा लेते थे। जानकारी हासिल होने के बाद वे पीड़ितों को साइबर ठगी का शिकार बनाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में 21 वर्षीय सचिन कुमार खुद को छात्र बताता है, लेकिन पुलिस के अनुसार वही इस गैंग का मास्टरमाइंड है। वहीं महेश मंडल पूर्व में भी साइबर अपराध के मामले में तिहाड़ जेल जा चुका है। तीनों मिलकर ठगी का नेटवर्क चलाते थे।
पुलिस अब जब्त मोबाइल व सिम कार्ड की जांच कर रही है, ताकि ठगी के शिकार और लोगों का पता लगाया जा सके।







