Dhanbad : फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर आगामी 10 फरवरी से 25 फरवरी तक जिले में मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसको लेकर आज धनबाद सिविल सर्जन कार्यालय में सिविल सर्जन चंद्रभानु प्रतापन की अध्यक्षता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन कर कार्यक्रम की जानकारी दी गई
उन्होंने बताया कि अपंगता पैदा करने वाली द्वितीय सबसे बड़ी लाइलाज बीमारी फाइलेरिया के रोकथाम को लेकर 10 फरवरी से 25 फरवरी तक जिले में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। जिसके तहत धनबाद जिले के कुल 1154 गांवों में 2220 बूथ पर 4446 दवा प्रशासकों द्वारा 331 पर्यवेक्षकों के देखरेख में 26 लाख 52 हजार 9 सौ 60 लोगों को दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी को जिले में बूथ बना कर लोगों को दवा खिलाई जाएगी। इसके पश्चात 11 फरवरी से 25 फरवरी तक घर-घर जाकर दवा का सेवन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन आंगनबाड़ी, विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, वार्ड और कार्यालय बूथ के माध्यम से लोगों को दवा का सेवन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर डी.ई.सी. एवं एल्बेंडाजोल दवा का सेवन कराया जाएगा। यह दवा दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अति गंभीर रूप से वीमर व्यक्ति को छोड़कर सभी लोगों को यह दवा खिलाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर आठ सुसज्जित वाहनों से इसका प्रचार प्रसार किया जा रहा है। साथ ही प्रत्येक बूथ पर बैनर, पोस्टर एवं हैंडविल के माध्यम से भी इसका प्रचार प्रसार किया जा रहा है।







