Dhanbad : सदर थाना क्षेत्र के धैया स्थित शिमला बेड़ा में नाग मंदिर के समीप उर्मिला देवी के बंद आवास को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपए कीमत की आभूषणों पर हाथ साफ कर लिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। चोर मकान का ताला तोड़कर सोने और चांदी के जेवरात सहित नगदी चुरा कर ले गए। पीड़ित महिला उर्मिला देवी ने पुलिस को आवेदन देकर जांच करने की गुहार लगाई है।

पीड़िता ने बताया कि वह बीती 19 मार्च को मकान का ताला लगाकर अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के यहां गई हुई थी। बुधवार को पड़ोसियों से मकान का ताला टूटा होने की सूचना मिली। जिस पर वह आनन फानन में घर वापस लौटी तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। जब वह मकान के अंदर आई तो कमरों के ताले भी टूटे हुए थे। घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर चोर एक सोने की चैन, कान का रिंग दो जोड़ा, सोने की हार का सेट, अंगूठियां, हाथ की चूड़ियां सहित पांच हजार रूपए चोरी कर ले गए। पीड़िता ने पुलिस से जांच की गुहार लगाई है। जिससे चोरी की गई सामानों की बरामद की जा सके. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








