बोकारो: सुख एवं समृद्धि का प्रतीक दीपावली पर्व इस बार 12 नवंबर को है। इस बाबत उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने मंगलवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार द्वारा जारी सुरक्षा- निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन करने का अपील किया है।
कहा कि आम तौर पर दीपावली में अतिशबाजी करके हर्षोल्लास व्यक्त किये जाने की परंपरा है। कई बार ऐसा देखा गया हैै कि हमारी छोटी सी असावधानी अथवा अति उत्साह में की गई अतिशबाजी जानलेवा साबित हुई है।
स्मरण रहें कि असावधानी ही हादसे को जन्म देती है। अतः “सुरक्षित एवं सुखद दीपावली-2023” हेतु जारी सुरक्षा-निर्देश का शत प्रतिशत सभी अनुपालन करें।
प्रशासन द्वारा पूर्व निर्धारित स्थल पर ही पटाखे की बिक्री करें
पटाखा बिक्री से पूर्व प्रशासन एवं अग्नि शामन विभाग से अनुमति वा अनापति प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से लें।
– बाजार,सड़क के किनारे पेट्रोल पम्प, गैर गोदाम, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पटाखें की बिक्री ना करें।
उन्हीं पटाखों की बिक्री करें जो स्वास्थ्य तथा वातावरण को प्रभावित न करें।
ऐसे पटाखों की बिक्री न करें जिनकी ध्वनि स्तर की सीमा 125 डेसीबल से अधिक हो।
पटाखों के पण्डाल में बिजली की वायरिंग किसी योग्य एवं प्रशिक्षित इलेक्ट्रीशियन से कराये एवं हमेशा आई0एस0आई मार्क के काॅपर के तार का ही प्रयोग करें,नंगे तारों पर अच्छी प्रकार से टेप लगा कर रखें।
जो भी पटाखा विक्रेता उपर्युक्त निर्देशों का पालन नहीं करेगा उन पर जिला प्रशासन द्वारा उचित एवं विधि सम्मत कारवाई की जायेगी।
आजकल मार्केट में कम कीमत और नकली पटाखों की कोई कमी नहीं है, इसलिए हमेशा अच्छे ब्रांड वाले पटाखे ही खरीदे साथ ही साथ किसी अनुज्ञप्तिधारी विश्वासनीय पटाखा विक्रेता से ही पटाखें खरीदें।







