DHANBAD: रामनवमी त्योहार के मद्देनज़र जिले में विधि व्यवस्था संधारण व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए धनबाद पुलिस पूरी तरह से तैयार है l इसे लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक ह्रदीप पी जनार्दनन के निर्देशानुसार जिले में फ्लैग मार्च निकाला गया l पुलिस अधीक्षक ( नगर ) अजीत कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को पुलिस मुख्यालय से फ्लैग मार्च निकाला गया जो बरवाअड्डा, गोविंदपुर, सरायढेला, स्टील गेट, हीरापुर, रणधीर वर्मा चौक, सिटी सेंटर, पूजा टॉकीज, बैंकमोड़, धनसार, बस्ताकोला, झरिया , थाना मोड़, इंदिरा चौक, लोदना मोड़, फुसबंगला, जोरापोखर, कतरास मोड़, केंदुआडीह, करकेंद, लोयाबाद, सिजुआ, जोगता, कतरास, भूली होते हुए पूरे जिले का भ्रमण किया गया l

फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा व शांति का संदेश देना है l राम नवमी के दौरान पूरे जिले में पुलिस की टीम अलर्ट मोड पर है l जिले के सभी चौक चौराहों व महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है l अखाड़ा मार्ग व संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है l धनबाद पुलिस ने जिले में शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार को संपन्न कराने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है l इस बार सुरक्षा के मद्देनज़र सभी थाना क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए आवासीय परिसर व अन्य भवानों की निगरानी की जा रही है l जगह जगह CCTV कैमरा के जरिये भी निगरानी की जा रही है l संदिग्ध आचरण वाले असमाजिक तत्वों पर पुलिस पैनी नज़र रख रही है l
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अफवाहों पर ध्यान न दें। आवश्यक सूचना या किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तुरंत 100/112 डायल कर सूचित करें। नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 03262311217 और मोबाइल नंबर 8210840901 पर भी आमजन किसी भी तरह की सूचना साझा कर सकते हैं l जुलूस मार्ग के सभी चौक चौराहों पर स्टैटिक सशस्त्र बल, मोबाइल सशस्त्र बल एवं महिला बल प्रतिनियुक्त रहेगी। किसी भी आपात स्थिति में इनकी मदद ली जा सकती है। पुलिस व जिला प्रशासन की तरफ से जारी निर्देशों के तहत सभी अखाड़ा प्रबंधक अपने स्तर से अखाड़े में प्रतिनियुक्त भोलेन्टीयर्स को फोटोयुक्त पहचान पत्र निर्गत करेंगे । इसके अलावे अखाड़ा प्रबंधक जुलूस को निर्धारित मार्ग से ही ले जाना सुनिश्चित करेंगे और जुलूस की विडियोग्राफी निश्चित रूप से करायेंगे।
साथ ही सभी अखाड़ा प्रबंधक से अपील की गई है कि रामनवमी के दौरान ऐसा कोई भी प्रदर्शन न करें जिससे किसी के चोटिल होने का खतरा हो l अखाड़ा प्रबंधक यह सुनिश्चित करेंगे कि जुलूस के दौरान आपत्तिजनक गीत संगीत न बजाया जाए, और न ही किसी को ठेस पहुँचाने वाले नारेबाजी की जाए l राम नवमी के दौरान जिले में शराब की बिक्री व इस्तेमाल पर रोक है इसके अलावे डीजे साउंड के इस्तेमाल पर भी पूर्ण प्रतिबन्ध हैl

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की टीम विशेष निगरानी रख रही है l समाज में विधि व्यवस्था व शांति व्यवस्था भंग करने की मंशा रखने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं l फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक ( नगर ) अजीत कुमार, पुलिस अधीक्षक ( ग्रामीण ) कपील चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था) दीपक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय 2) संदीप कुमार गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय 1) शंकर कामती, पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर सुमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) अरविंद सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिंदरी भूपेंद्र राउत, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाघमारा आनंद ज्योति मिंज समेत जिले के कई पुलिस निरीक्षक/थाना प्रभारी के साथ साथ सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे l








