DARBHANGA : बिहार के दरभंगा के अलीनगर प्रखंड के बहेड़ा थाना अंतर्गत अंटोर गांव में गुरुवार की रात सारे गांव वाले एक शादी समारोह में खुशियां मना रहे थे, उन्हें क्या मालूम की यह खुशियां पल भर में मातम में बदल देगी। जिस घर में शहनाई बज रही थी, उसी घर से अर्थी उठेगी। गुरुवार की देर रात जिस घर में शादी हो रही थी, एक बड़ी घटना हो गई। आग लगने से छह लोगों की मौत हो गयी। शादी की खुशियां पल भर में ही मातम में बदल गयी। शादी समारोह के लिए बनाए गए शामियाने में आग लग गयी और उसकी चपेट में आधा दर्जन से अधिक लोग आ गए। जिसमें छह लोगों की मौत की सूचना अभी तक सामने आयी है।

घटना को लेकर बताया जाता है की जैसे ही आग की लपटें धीरे धीरे फैलने लगी, गांव वाले इकट्ठे होकर आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। लेकिन आग मिनटों में अपना विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान आग की लपटें वहां रखे सिलेंडर तक जा पहुंची और फिर सिलेंडर तेज आवाज के साथ विस्फोट करने लगा। सिलेंडर के विस्फोट से निकली आग की लपटें एक व्यक्ति के दरवाजे पर रखे गए डीजल के जार में लग गई। जिससे बाद तो आग ने पूरी तरह से सब कुछ जलाकर खाक कर दिया। इस घटना में आग से कई लोग झुलस गए, जिसमें छह लोग के मरने की खबर सामने आ रही है और कई लोग घायल भी है।

वहीं घटना के बाद दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रौशन ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच सभी पीड़ित परिवार को सभी प्रकार की मदद दी जा रही है। इस घटना में 6 लोगों की मौत हुई है तथा आग की चपेट में आने से चार से पांच मवेशी की भी मौत हुई है। घटना कैसे हुई इसकी जांच के लिए टीम को भेजा जा रहा है। फिलहाल सभी शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।

वहीं मिली जानकारी के अनुसार मृतकों में सुनील पासवान, लाली देवी, कंचन देवी, साक्षी कुमारी, सिद्धांत कुमार एवं डेढ़ माह का एक मासूम बच्चा है। वहीं इस घटना में तीन मकान भी आग की चपेट में आए हैं और पांच पालतू पशु भी जलकर राख हो गए।








