JAMTARA : जामताड़ा पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए मिहिजाम थाना क्षेत्र के कांगोई निवासी दूध व्यवसायी नंदलाल यादव हत्याकांड मामले का खुलासा करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने साथ ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया। जामताड़ा एसपी अनिमेष नैथानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया।


एसपी ने बताया कि परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के अनुसार पुलिस ने एसआईटी टीम गठित कर घटना की जांच की। जांच के दौरान पता चला कि घटना के चार दिन पूर्व मृतक नंदलाल यादव व प्राथमिकी अभियुक्त दिलीप शर्मा के बीच नशे की हालत में लड़की लाने को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें दिलीप शर्मा ने नंदलाल को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस घटना की प्राथमिकी में दिलीप शर्मा को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। बताया गया कि गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से 100 मीटर की दूरी पर झाड़ियों से अपराध को अंजाम देने में प्रयुक्त पिस्टल को भी बरामद किया गया।

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि गिरफ्तार आरोपी दिलीप शर्मा ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया है। वहीं गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायिक हिरासत से जामताड़ा जेल भेज दिया है। घटना के बारे में बता दें कि मिहिजाम थाना क्षेत्र के कांगोई निवासी दूध व्यवसाय नंदलाल यादव को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नंदलाल यादव रात को खटाल के बाहर अकेला सोया हुआ था। देर रात को आरोपी दिलीप शर्मा ने तीन गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। सुबह जब परिजन नंदलाल यादव को उठाने के लिए खटाल गया तो देखा कि नंदलाल यादव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा हुआ था। परिजनों ने इसकी सूचना मिहिजाम थाना की पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर उसी दिन से जांच पड़ताल में जुट गई थी। बताया जा रहा है कि नंदलाल यादव बिहार के जमुई जिले का रहने वाला था। वह बीते कुछ वर्षों से आकर मिहिजाम में दूध का व्यवसाय कर रहा था।
गठित एसआईटी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास कुमार लागोरी, साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, जामताड़ा सर्किल इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार यादव, मिहिजाम थाना प्रभारी राजीव रंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह, तकनीकी शाखा के सिपाही संतोष कुमार सिंह एवं सुशील कुमार झा के अलावा मिहिजाम थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।







