KOLKATA : पश्चिंग बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के पास सोमवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हुआ है। अगरतल्ला से सियालदह जा रही कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन को न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के करीब एक मालगाड़ी ने टक्कर मार दी है। हादसे में पांच लोगों की मौत की खबर है। वहीं कई घायल हैं। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। रेल हादसे पर राष्ट्रपति और पीएम मोदी सहित बंगाल की मुख्यमंत्री ने दुख जताया है।

मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन को एक मालगाड़ी ने टक्कर मार दी है। हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई है और करीब 25 लोगों के घायल होने की खबर है। मौके पर राहत एवं बचाव का कार्य जारी है। आपदा टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। हादसा न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन से कुछ दूर रंगापानी और निजबाड़ी स्टेशन के बीच हुआ है। घटना के तत्काल बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं। वह घटनास्थल का जायजा लेंगे। बंगाल सरकार सहित कई प्रदेश के भारतीय रेलवे के अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

वहीं घटना के बाद दार्जिलिंग पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रॉय के अनुसार दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौत हो गई है। 20 से 25 यात्री घायल हैं। नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे जोन में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना हुई है। बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ मिलकर काम कर रहे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, की सियालदह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस सोमवार सुबह न्यू जलपाईगुड़ी के पास एक मालगाड़ी से टकरा गई। सुबह करीब नौ बजे यह हादसा हुआ है। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- हादसे के बारे में जानकर स्तब्ध हूं। कंचनजंगा एक्सप्रेस की कई बोगियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं और कई पटरी से उतर गई हैं। मालगाड़ी के भी कई डिब्बे बेपटरी हो गए हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि दार्जिलिंग जिले के फांसीदेवा इलाके में एक दुखद रेल दुर्घटना के बारे में जानकर मैं स्तब्ध हूं। विस्तृत जानकारी का इंतजार है। उत्तर बंगाल राष्ट्रीय परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) के अध्यक्ष पार्थ प्रतिम रॉय ने कहा कि सियालदह जाने वाली कंचनजंगा एक्सप्रेस के फंसे हुए यात्रियों को बचाने के लिए उत्तर बंगाल राष्ट्रीय परिवहन निगम की 10 बसें दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। इसके अलावा, सिलीगुड़ी तेनजिंग नोर्गे बस टर्मिनस से सिलीगुड़ी-कोलकाता के लिए अतिरिक्त बस सेवाएं आज दोपहर से चालू होंगी।








