ASANSOL : पश्चिम बंगाल के आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 57 के बराचक और टिलाबाद इलाके के बीचों बीच एक ईट भट्ठा के पीछे इसीएल की एक बंद खदान से एक सिर कटी सड़ी गली लाश मिलने की खबर के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी के बाद साऊथ पुलिस फाड़ी, इसीएल की माइंस रेस्क्यु टीम सहित दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच खदान से शव निकालने के लिए जुट गई। काफी मशक्कत के बाद माइंस रेस्क्यु की टीम शव को बाहर निकालने मे सफल हो सकी। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी इसी बंद पड़ी खदान से एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव बरामद की गई थी। सोमवार को एक बार फिर उसी खदान से एक सिर कटी लाश वो भी सड़ी गली अवस्था मे पाई गई है। लोगों की माने तो इलाके में इसीएल के ऐसे कई बंद पड़े कोयले के खदान और चानक है, जिसमें पानी भरा हुआ है, ऐसे में इन खदानों में अक्सर कोई ना कोई घटना और दुर्घटना होती रहती है। उन्होंने यह भी बताया की जिस तरह से इस खदान में लाश पाई गई है, उसको देखकर यह साफ जाहिर होता है की इस व्यक्ति की हत्या कर उसके सिर को धड़ से अलग कर इस खदान में फेंक दिया गया है।

जिस जगह यह खदान है वह एक दम सुनसान है। लोग उधर जाने से भी डरते है। ऐसे में अपराधी किसी की हत्या कर लाश को खदान में फेंक देते है। किसी को यह पता भी नहीं चलता है और लाश पानी मे सड़ गल कर पूरी तरह नष्ट हो जाती है। फिलहाल पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन में जुट गई है और यह पता लगा रही है की आखिरकार यह किसकी लाश है।







