DHANBAD : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी माधवी मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को न्यू टाउन हॉल में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के न्यास परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धनबाद सांसद ढुलू महतो, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान न्यास परिषद से अनुमोदन हेतु विभिन्न योजनाओं के संबंध में सभी को विस्तार से जानकारी दी गई।

बैठक में सांसद, विधायक व उपायुक्त सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की।डीएमएफटी के न्यास परिषद की बैठक में जिले के सर्वांगीण विकास के लिए 550 लाख रुपए से अधिक के नए प्रस्ताव पारित किए गए। इसमें धनबाद सदर, बलियापुर, टुंडी, बाघमारा, तोपचांची एवं झरिया के आंगनबाड़ी केंद्रों में ट्यूबवेल एवं रेनवाटर हार्वेस्टिंग, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के विभिन्न विभागों में मशीन, उपकरण, एसएनएमएमसीएच का सुदृढ़ीकरण एवं मौलिक सुविधाएं उपलब्ध कराना, सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन, डिजिटल एक्स-रे, बाल सुधार गृह का जीर्णोद्धार के अलावा लघु सिंचाई, भवन प्रमंडल, आधारभूत संरचना, शिक्षा, ग्रामीण जलापूर्ति योजना, जोड़ापोखर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण, शहर में ट्रैफिक सिग्नल एवं सीसीटीवी कैमरा लगाना, खनन के कारण हो रहे वायु प्रदूषण को रोकने के लिए नगर निगम को वॉटर स्प्रिंकलर एंटी स्मोक गन व स्टेनलेस स्टील वॉटर टैंकर उपलब्ध कराना, झरिया में बंद पड़े माइन पिट के पास आरओ प्लांट प्रोजेक्ट का अधिष्ठापन सहित अन्य योजनाओं को स्वीकृति दी गई।

उपस्थित सांसद ढुल्लू महतो कहा की कई योजना को संवेदक भय के कारण नही ले रहे है लेकिन अब उन्हें डरने की आवश्यकता नहीं है वे भय मुक्त होकर काम ले और करें। बैठक में कुछ जनप्रतिनिधि कार्यों की जानकारी नही मिलने का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किए। मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, सिटी एसपी अजीत कुमार, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सालकर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनिल कुमार सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक भूतनाथ रजवार, धनबाद प्रखंड प्रमुख, जिला परिषद सदस्य एवं जिले के सभी मुखिया सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में उपायुक्त ने सभी माननीय जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। वहीं बैठक के समापन पर उप विकास आयुक्त ने धन्यवाद ज्ञापन किया।







