RANCHI : रांची के तमाड़ में रविवार की देर रात एक हृदयविदारक घटना घटी। शादी समारोह में जा रही बारातियों से भरी बस में करंट दौड़ने से एक नाबालिग समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि इस घटना में 5 लोग झुलस गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद वर और वधू पक्ष के लोगों में कोहराम मच गया। जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंच जांच में जुटी हुई है।

बाराती बस में ग्यारह हजार वोल्ट का दौड़ा करंट, चार की मौत
घटना के संबंध में बताया जाता है कि सरायकेला के कुचाई के बारूहातु गांव से तमाड़ के चोगागुटू बारात आई थी। बारात गांव में प्रवेश करने ही वाली थी की बस बिजली के ग्यारह हजार तार के संपर्क में आ गई। जिससे बस की छत पर बैठे 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बस में करंट दौड़ने से 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देख रांची रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान एक अन्य की भी मौत हो गई। इस घटना में चार लोगों के मरने की खबर है। लेकिन तीन की पुष्टि है। एक की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बस में करंट लगते ही बारातियों में मची चीख-पुकार
बताया जाता है की बस में जैसे ही करंट का झटका लगा बस की छत पर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई और जान बचाने के लिए सभी लोग बस से कूदने लगे, जिससे कई लोग घायल हो गए। 5 घायलों को गंभीर हालत में रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान एक ने दम तोड़ दिया।
बाराती बस में सवार थे 60 से अधिक लोग
इस दर्दनाक घटना के बाद शादी की खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। जिसके बाद दोनों पक्षों के लोगों ने बैठकर बात की और रस्म पूरी कर शादी संपन्न कराई। लोगों ने बताया कि जिस बस में बारात आई थी, उसमें 60 से ज्यादा लोग सवार थे, बस के अंदर जगह और गर्मी को लेकर छत पर कई लोग बैठ गए थे। फिलहाल घटना के बाद मृतक के परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ हैं, सभी का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।







