PATNA : पटना में सोमवार की सुबह-सुबह दो बच्चों का शव मिलने की खबर के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों बच्चों का शव एक पेट्रोल पंप के पास स्थित गैराज के नजदीक पानी भरे गड्ढे में मिली। दोनों बच्चों का हाथ-पैर बंधे हुए थे एवम कई जगह जख्म के निशान थे। घटना की जानकारी लोगों को तब हुई जब सुबह मॉर्निंग वॉक करने लोग निकले थे। उसके बाद तो पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। शव मिलने के बाद लोग आक्रोशित हो गए और सड़क जाम कर जमकर बवाल काटा। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच आक्रोशित लोगों को शांत करने में जुटी हुई है।

घटना को लेकर परिजनों का कहना था कि बच्चों की हत्या की गई है। आंखें फोड़ी गई हैं, जीभ और सीने पर भी गहरे निशान है।संभावना जताई जा रही है कि पहले बच्चों के साथ मारपीट की गई होगी, फिर हत्या कर शव को पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया गया होगा। परिजनों का यह भी आरोप है जहां बच्चों का शव मिला है, वहां एक कंपनी का प्रोजेक्ट चल रहा है, लेकिन कई दिनों से प्रोजेक्ट में काम बंद था। संभावना है की उसी को शुरू करने के लिए बच्चों की बलि दी गई है। फिलहाल जितनी मुंह उतनी बातें हवा में तैर रही है।
दोनों बच्चों की पहचान गर्दनीबाग थाना के सरिस्ताबाद मोहल्ले के विवेक कुमार और प्रत्यूष कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि दोनों बच्चों के घर नहीं आने पर उनकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। उसके बाद उनकी गायब होने की सूचना रात में गर्दनीबाग थाने को दी गई थी। रात्रि 10:00 बजे के आसपास जब गर्दनीबाग थाना को सूचना दिया गया तो थाना के एक सिपाही ने बताया कि अभी कोई पदाधिकारी नहीं है। कल सुबह आकर इसकी जानकारी दीजिए। इसके बाद परिवार के सभी लोग रात भर दोनों बच्चे को खोजते रहे।
सुबह जानकारी मिली की दो बच्चें का शव एक गड्ढे में फेंका हुआ है। जिसके बाद वहां पहुंच बच्चों की पहचान की। जानकारी मिलते ही दोनों बच्चों के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित होकर सड़क को जाम कर दिया। आगजनी कर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया था। हालांकि घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस लोगों को शांत करने के प्रयास में जुटी है।







