JAMTARA : जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के अमोई पुल के पास सड़क हादसे में स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर जैनेंद्र कुमार रजक की मौत हो गई। जैसे ही सड़क हादसे में पुलिस अधिकारी की मौत की खबर पुलिस महकमा में हुई, सभी घटना को सुन सन्न्न रह गए। पुलिस के कई आला अधिकारी अस्पताल पहुंच शोक जताया। वहीं मिहिजाम पुलिस शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि सब इंस्पेक्टर जैनेंद्र कुमार रजक स्पेशल ब्रांच में कार्यरत थे और उनका कार्य क्षेत्र जामताड़ा जिले के मिहिजाम था। अपने कार्य क्षेत्र का रिपोर्ट जमा करने के लिए वें जामताड़ा स्पेशल ब्रांच ऑफिस आ रहे थे। उसी दौरान मिहिजाम थाना क्षेत्र के अमोई पुल के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित मछली लदे पिकअप वैन और बाइक में सीधी टक्कर हो गई। जिससे बाइक पर सवार सब इंस्पेक्टर जैनेंद्र कुमार रजक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और इसकी सूचना स्थानीय थाना मिहिजाम को दी गई। सूचना पर मिहिजाम थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं इसकी सूचना परिजनों को भी दे दी गई। सूचना पाकर परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि सब इंस्पेक्टर जैनेंद्र कुमार रजक 2018 बैच के अधिकारी थे। वह धनबाद के झरिया के रहने वाला है। वर्तमान में वह मिहिजाम डमदोहा में घर बनाकर रह रहे थे। परिजनों ने बताया कि ढाई माह पूर्व मई महीने में उनकी शादी हुई थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है वही पुलिस विभाग में भी मातम छा गया है। जिले के कई आला अधिकारी अस्पताल पहुंच परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया।







