PATNA : बिहार में गिरती विधि व्यवस्था को लेकर शनिवार को INDIA गठबंधन नीतीश कुमार की सरकार पर हमलावर रही। वैसे तो बिहार में आए दिन बैंक लूट, हत्या, रेप जैसी घटना घटती आ रही है। लेकिन VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी की पिता की हत्या के बाद यह और तेज हो गया है। शनिवार को INDIA गठबंधन के तमाम दल राजद, कांग्रेस और वाम दलों के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश मार्च निकाला।

पटना आयकर गोलंबर पर सैकड़ों की संख्या में जुटे INDIA गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने NDA सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला और जुलूस की शक्ल में डाक बंगला चौराहा के रास्ते समाहरणालय की तरफ निकल गए। इस दौरान राजद नेताओं ने NDA की सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। लेकिन कुछ कार्यकर्ताओं ने डाकबंगला चौराहे पर ही पुलिस बैरिकेडिंग को तोड़ दिया था। बिहार में गिरती विधि व्यवस्था के मुद्दे को लेकर शनिवार को पूरा विपक्ष सड़कों पर उतर गया और बढ़ते अपराध पर राज्य सरकार को घेरा।
INDIA गठबंधन ने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में गिरती कानून व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करते हुए विपक्षी नेताओं ने कहा कि लालू सरकार पर जंगल राज का आरोप लगाने वाली NDA सरकार ये बताएं की अपराध कहां पहुंच गया है। कोई दिन ऐसा नहीं की बिहार में अपराध नहीं हो रही है। लेकिन सुशासन के नाम पर लोगों को बरगलाने वाली और झूठा दावा करने वाली डबल इंजन की सरकार बताए की अपराध पर रोक लगाने में पुरी तरह विफल क्यों है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि बिहार में गिरती कानून व्यवस्था को लेकर INDIA गठबंधन की ओर से शांतिपूर्ण प्रतिरोध मार्च का आयोजन किया गया था। लेकिन सरकार ने इस पर भी जगह-जगह बैरिकेडिंग खड़ा करके रोक लगाने की कोशिश की। यह सरकार की मंशा जाहिर करती है कि भाजपा और जदयू को प्रजातांत्रिक मूल्यों में भरोसा नहीं है। यह लोग प्रशासन के बल पर शांतिपूर्ण विरोध को भी दबाना चाहते हैं।
वहीं भाकपा माले के विधायक महबूब आलम ने रोष पूर्ण प्रदर्शन करते हुए अपनी आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध की घटनाएं बेतहाशा बढ़ रही हैं। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। दलितों पर हमले हो रही हैं और सरकार का विरोध करने वाली आवाज को लाठी डंडे के बल पर दबाया जा रहा है। राजद नेता भोला यादव ने कहा कि अब बिहार में इस सरकार का रहना कहीं से उचित नहीं है। हम सब मिलकर इसे उखाड़ फेंकेंगे।







