DHANBAD : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सोमवार धनबाद में बलियापुरी हवाई पट्टी मैदान में आयोजित JHARKHAND SKILL CONCLAVE 2024 – जॉब ऑफर लेटर सह रोजगार प्रोत्साहन एवं परिवहन भत्ता वितरण ” समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के 36996 लाभुकों को जॉब ऑफर लेटर सौंपा। जिसमें 22399 महिला, 14593 पुरुष तथा 4 ट्रांसजेंडर शामिल रहें। वही 178 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही मंच पर ही रोजगार उपलब्ध कराने के लिए तीन विदेशी कंपनियों के साथ एमओयू किया गया।

मुख्यमंत्री कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज प्रदेश के नौजवानों के लिए बेहद खास दिन है। इस ऐतिहासिक पल में जॉब ऑफर लेटर प्राप्त करने वाले युवक -युवतियों से यही कहूंगा कि अब आप खुले आसमान में उड़ने को तैयार है। देश-विदेश से आए विभिन्न कंपनियों के माध्यम से आज आपको जॉब ऑफर लेटर प्रदान किया जा रहा है। अब आपके पास भरपूर मौका है कि आप अपने आप को तराशकर रोजगार अर्जित करें। विभिन्न कंपनियों के सी.ई.ओ तथा एम.डी अब राज्य सरकार के साथ एम.ओ.यू कर आपके उज्जवल भविष्य की कामना कर रही है। मेरी ओर से भी आप सभी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।

रोजगार उपलब्ध कराने का निरंतर हुआ है प्रयास
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के माध्यम से लोगों को ऋण उपलब्ध कराकर विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार से जोड़ने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार खेती-बाड़ी की नई और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा दे रही है ताकि पढ़े लिखे नौजवान भी खेती से जुड़कर आय का स्रोत ढूंढ़ सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में बेहतर प्रयास करते हुए लोगों को निरंतर रोजगार के कई योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया गया है।

इन योजनाओं का हुआ उद्घाटन-शिलान्यास
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 129 करोड़ 30 लाख 29 हजार 63 रुपए की 133 योजनाओं का शिलान्यास किया। वहीं 48 करोड़ 81 लाख 90 हजार 836 रुपए की 84 योजनाओं का उद्घाटन भी किया। जिसमें धनबाद नगर निगम की 44 करोड़ से अधिक की 83, ग्रामीण कार्य विभाग की 52.73 करोड़ की 20, पेयजल एवं स्वच्छता (यांत्रिक प्रमंडल) की 3.85 करोड़ की 10, झारखंड शिक्षा परियोजना की 9.93 करोड़ की 8, कल्याण विभाग की 1.29 करोड़ की 7, भवन प्रमंडल की 91 लाख की 3, पथ निर्माण विभाग की 5.50 करोड़ की एक एवं जे.एस.बी.सी.सी.एल. पी.आई.यू. की 11 करोड़ की एक योजना का शिलान्यास किया। वहीं धनबाद नगर निगम की 46.27 करोड़ की 76, भवन प्रमंडल की 2.09 करोड़ की 7 तथा पेयजल एवं स्वच्छता (यांत्रिक) प्रमंडल की 44.93 लाख की एक योजना का उद्घाटन किया।

इस कार्यक्रम में मंत्री सत्यानन्द भोक्ता, मंत्री इरफ़ान अंसारी, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, पूर्व विधायक फूलचंद मंडल, अपर सचिव, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग सुनील कुमार, श्रमायुक्त संजीव कुमार बेसरा, झारखण्ड कौशल विकास मिशन सोसाइटी के निदेशक शैलेन्द्र कुमार लाल, नवरिस के सीईओ मिस. तकाको ओशिबुचि, नवरिस के एमडी संबंधन राजकुमार , ईएफसी ग्लोबल फेसिलिटीज से मिस कार्तिक के अलावा जिले के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक समेत जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।








