DHANBAD : जिला उपयुक्त के निर्देश पर अवैध खनन परिवहन भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बलियापुर सीओ ने गुप्त सूचना के आधार पर अलकडीहा ओपी अंतर्गत सुरूंगा शिव मंदिर के समीप अवैध कोयला डिपो पर छापेमारी कर लगभग 50 टन अवैध कोयला जप्त किया। जब्त कोयले को अलकडीहा ओपी पुलिस को सौंप दिया गया।

जिला प्रशासन के लाख कोशिश के बावजूद कोयला तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। कोयला तस्कर आज के दिनों में भी बेखौफ होकर कोयला तस्करी को अंजाम दे रहे है। ताजा मामला अलकडीहा ओपी का है। जहां एक तरह से यह कहां जाए कि कोयला तस्करों के लिए यह क्षेत्र सोने की अंडा देने वाली मुर्गी साबित हो रही है। पुलिस लाख कोशिश कर रही है। लेकिन इस थाना क्षेत्र से आज भी कोयला की तस्करी डंके की चोट पर चल रही है। जिसका खुलासा मंगलवार को बलियापुर अंचल के सीओ ने किया। सुरुंगा शिव मंदिर के समीप चल रही अवैध कोयला डिपो पर छापेमारी कर लगभग पचास टन अवैध कोयला सहित वजन करने वाला एक कांटा भी पकड़ा। इस दौरान कोयला तस्कर फरार होने में सफल रहे।
सूत्रों की माने तो कोयला तस्करों के लिए यह क्षेत्र सेफ जॉन है। जंगल के बीचों बीच कोयला तस्कर दिन हो या रात कोयला तस्करी को अंजाम दे रहे है। इस अवैध धंधे में स्थानीय पुलिस, सीआईएसएफ और बीसीसीएल अधिकारी की संलिप्तता से इंकार नहीं किया जा सकता है। सूत्र का मानना है कि आज भी इस थाना क्षेत्र से तीन से चार ट्रक अवैध कोयला रात के अंधेरे में निकलता है।
वहीं इस मामले को लेकर बलियापुर सीओ ने बताया कि यह छापेमारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई। अवैध डिपो से लगभग 50 टन अवैध कोयला सहित वजन करने वाला एक कांटा जप्त किया गया है। जप्त कोयले की अलकडीहा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल इस डिपो के संचालक का नाम पता किया जा रहा है। इस दौरान बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक हाइवा लोड बालू भी जब्त किया गया जो बलियापुर थाना के हवाले कर दिया गया है। कहा कि अवैध खनिज संपदा के कारोबार के विरुद्ध अभियान जारी रहेगी।







