DHANBAD: धनबाद रेल मंडल डीआरएम कमल किशोर सिन्हा ने अपने कार्यालय कक्ष सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित कर जानकारी दिया कि धनबाद रेल मंडल माल ढुलाई में एक बार फिर देश में अव्वल रहा। साथ ही धनबाद रेल डिवीजन यात्री सुविधाओं में लगातार वृद्धि कर रहा है। इसके साथ ही धनबाद से बैंगलोर और कोटा के लिए नई ट्रेन चलाने पर विचार किया जा रहा है। नये साल में कई नई रेल सेवा शुरू हो सकती है।
डीआरएम ने बताया कि माल ढुलाई में धनबाद डिवीजन पूरे देश में सबसे आगे है। नवंबर महीने में धनबाद डिवीजन का माल ढुलाई 16.37 मीट्रिक टन है। अप्रैल से नवंबर 2024 तक कि बात करे तो माल ढुलाई 125.95 मीट्रिक टन हुआ है। इसके बाद बीएसपी (122.06 मीट्रिक टन), केयूआर (104.83 मीट्रिक टन), सीकेपी (101.82 मीट्रिक टन) हैं।अप्रैल से नवंबर महीने तक हमलोगों ने माल ढुलाई से 2087.00 करोड़ रुपये प्राप्त किये है।
उन्होंने बताया कि यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए धनबाद रेल मंडल में तीन नई वंदे भारत ट्रेन कि शुरूआत हो चुकी है। जिसमें हवाड़ा-गया वंदेभारत सप्ताह में छह दिन, टाटा-पटना वंदेभारत सप्ताह में पांच दिन, रांची-पटना वंदेभारत ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलायी जा रही है। इसमें एक ट्रेन धनबाद स्टेशन होकर चल रही है, बाकी दो गोमो, कोडरमा होकर चलायी जा रही है। धनबाद- कोयंबटूर स्पेशल 4 सितंबर से प्रत्येक बुधवार को धनबाद से चलायी जा रही है।
1 नवंबर से नई ट्रेन रांची गोरखपुर साप्ताहिक ट्रेन धनबाद होकर चलायी जा रही है। इसके अलावा धनबाद-जम्मुतवी गरीब रथ स्पेशल ट्रेन सप्ताह में दो दिन चल रही है। गया-लोकमान्य तिलक टर्मिनल का परिचालन कोडरमा, हजारीबाग टाउन, बरकाकाना के रास्ते किया जा रहा है। साथ ही कहा कि ट्रेन के अंदर साफ सफाई, बेड रोल आदि में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन सुविधाओं में कमी मिलने पर 139 पर शिकायत करें तुरंत होगा निदान।







