DHANBAD (धनबाद): जिला के टुंडी प्रखंड मुख्यालय स्थित सीआरपीएफ कैंप में पदस्थापित सैट रिजर्व पुलिस के हवलदार की रायफल साफ करने के दौरान सोमवार को गोली चल जाने से मौत हो गई है। घटना के बाद हवलदार को एसएनएमएमसीएच लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत जवान का नाम नंदकिशोर सिंह है, वह पलामू जिला के लेस्लीगंज का रहने वाला था।
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी अजीत कुमार और सरायढेला थाना दल बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली। इसके साथ ही घटना की जांच के भी निर्देश दिए गए हैं। वही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के बारे में और स्पष्ट जानकारी मिलेगी कि जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की या फिर हथियार साफ करने के दौरान हादसा हुआ। सिटी एसपी अजीत कुमार ने बताया कि सैट हवलदार नंदकिशोर सिंह की मौत गोली लगने से हुई है। गोली दुर्घटनावश चली है या फिर कोई और वजह है, पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
वहीं, टुंडी थाना में तैनात हवलदार सुखेंद्र प्रसाद ने बताया कि टुंडी थाना क्षेत्र सीआरपीएफ कैंप सैट में हवलदार नंदकिशोर की तैनाती थी। सुबह उठने के बाद वह राइफल साफ कर रहा था। इस दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद सभी लोग भागे-भागे पहुंचे तो देखा कि नंदकिशोर को गोली लग गई है और वह नीचे पड़ा हुआ है। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।जबकि नंदकिशोर के सहयोगी जवान बताते हैं कि वह अपनी जिम्मेदारी को लेकर हमेशा सतर्क और कर्तव्यनिष्ठ रहता था। उनकी आकस्मिक मौत से परिवार और साथी जवानों में शोक की लहर है। पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस घटना पर दुख जताया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।







