DHANBAD (धनबाद): जिला पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में वरीय पुलिस अधीक्षक ह्रदीप पी जनार्दनन के नेतृत्व में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमे सभी वरीय पदाधिकारी समेत थाना प्रभारी व ओपी प्रभारी मौजूद थे lइस दौरान अधिकारियो को स्पष्ट निर्देश दिया कि विधानसभा चुनाव के दौरान व्यस्तता के कारण विभिन्न थानों में दर्ज़ लंबित मुक़दमों की जांच में तेजी लाई जाए और यथाशीघ्र सभी मामलों की चार्जशीट समर्पित की जाए। साथ ही जिले में हालिया घटित संगठित अपराध से जुड़े मामलों पर गहनता से समीक्षा करते हुए अपराधियों व सभी गैंगस्टर की गिरफ़्तारी जल्द सुनिश्चित करने हेतु कार्रवाई को तेज किया जय। खास कहा कि प्रिंस खान के गुर्गों द्वारा फोन कर धमकी देने मामले में पुलिस नंबर ट्रेस के लिए विशेष पुलिस टीम पश्चिम बंगाल, बिहार, कर्नाटक व आंध्र प्रदेश के लिए रवाना की गई है।

वही जिले में महिला से जुड़े अपराध और बढ़ते साइबर अपराध रोकथाम के लिए साइबर सेल को इन वारदातों में संलिप्त अपराधियों की पहचान सुनिश्चित करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई को तेज करने का निर्देश भी दिया। साइबर अपराध से बचाव हेतु आम जन के बीच जागरूकता अभियान के तहत नागरिकों को जागरूक करने पर भी जोर देने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही माननीय न्यायालय द्वारा निर्गत वारंट व कुर्की के आदेश को यथाशीघ्र तमिल करने का निर्देश सभी थाना प्रभारी को दिया गया ।
साथ ही एक नई पहल की शुरुआत को लेकर कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति किसी संकट में हैं तो वह अपने मोबाइल फोन से एक स्कैन के जरिए पुलिस की हेल्प पा सकते हैं। इसके लिए धनबाद में डायल 112 को क्यूआर कोड से जोड़ दिया गया है। इस क्यूआर कोड की दस हजार कॉपी ऑटो, बस और एटीएम, कॉलेज, स्कूल, शॉपिंग मॉल सहित शहर के विभिन्न स्थानों में लगाया जायेगा जिसे स्कैन कर के कोई भी कभी भी तत्काल पुलिस की मदद ले सकता हैं।
वही क्रिसमस एवं न्यू ईयर को देखते हुए एसएसपी ने सभी पर्यटन स्थल, पिकनिक स्पॉट, शॉपिंग मॉल में भीड़ भाड़ को देखते हुए सुरक्षा बढ़ाने व विशेष निगरानी रखने का निर्देश भी दिया। सभी पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस की पाठशाला जागरूकता अभियान के तहत शिक्षा के प्रसार प्रचार करने, नए कानून के बारे में लोगों को जागरूक करने, साइबर अपराध के रोकथाम में सहयोग करने एवं डायन बिसाही व अन्धविश्वास को समाज से दूर करने पर जोर देने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया
समीक्षा बैठक में एसएसपी ह्रदीप पी जनार्दनन,एसपी सिटी अजीत कुमार, डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम, डीएसपी मुख्यालय 2 धीरेन्द्र नारायण बंका, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी निरसा रजत मणिक बाखला, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिंदरी आशुतोष सत्यम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाघमारा पुरुषोत्तम कुमार सिंह, डीएसपी ट्रैफिक अरविन्द सिंह, डीएसपी मुख्यालय वन शंकर कामती, डीएसपी साइबर संजीव कुमार, डीएसपी सुनील सिंह, डीएसपी अर्चना स्मृति खलको, डीएसपी प्रदीप कुमार मिंज समेत तमाम पुलिस निरीक्षक, जिले के सभी थाना प्रभारी व ओपी प्रभारी मौजूद थे l







