DHANBAD (धनबाद) : वरीय पुलिस अधीक्षक के निदेशानुसार पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था नौशाद आलम ने सोमवार को सरायढेला थाना में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। जिसमें मीडिया को बताया कि सरायढेला थाना में दर्ज लूट, चोरी छिनतई के कांडों का उद्वेदन हुआ। गठित टीम के द्वारा छापामारी कर चोरी के आरोप में शेखर कुमार दास, राजीव कुमार पासवान और मनीष कुमार प्रजापति को गिरफ्तार किया गया जबकि समान खरीदने वाले दुकानदार रोहित कुमार कश्यप और पप्पू साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। डीएसपी ने बताया कि चोरी के दर्ज तीन कांड का उद्वेदन किया गया। न्यू खुशबू अलंकार ज्वेलर्स दुकान से चोरी की गई करीब 2 किलो चांदी के जेवर सहित अन्य सामान बरामद हुआ,वही प्लाई संसार फर्नीचर दुकान से चोरी हुई सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर एवं हीरापुर निवासी से लूटी गई बुलेट तथा हाउसिंग कॉलोनी निवासी रोशन गुप्ता से लूटी गई लाल रंग की टीवीएस विक्टर मोटरसाइकिल सहित अन्य दो बाइक को बरामद किया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक लोहे का मोटा रड भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार शेखर कुमार और राजीव पासवान ने पुलिस को बताया कि एक सप्ताह पहले सरायढेला स्थित प्लाई संसार नामक दुकान से एक लाख बीस हजार रुपये चोरी की थी। दुकान का सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर लोहारकुल्ही तालाब के पास फेंक दिया था। पुलिस ने डीवीआर को बरामद कर लिया है। शेखर ने पुलिस को बताया कि दुकान से चुराये 1.20 लाख रुपया दोनों ने 60-60 हजार रुपये आपस में बांट लिया। राजीव ने उस पैसे से एक पलंग खरीदा तथा 20 हजार रुपये अपने भाई को दिया था। वहीं शेखर ने उस पैसे से एक मोबाइल खरीदा था, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। बरामद सामानों में चांदी का लोटा तीन पीस, सिंदूर रखने की किया 03 पीस, कसैली 20 पीस, पायल एक जोड़ी, मछली चार पीस, चम्मच सात पीस, रिंग छह पीस, बाला आठ जोड़ा, गले का चीक दो पीस, पेन एक पीस, कजरौटा तीन पीस, मूर्ति 6, ब्रासलेट तीन, चूड़ी तीन बिछिया आदि बरामद किया गया है। डीएसपी ने बताया कि यह लोग धनबाद, सरायठेला, बरवाअड्डा, गोविंदपुर में चोरी, लूट, छिनतई की घटना को अंजाम देते थे। इनके पिछला रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है, इसमें और भी लोग शामिल होंगे तो उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। प्रेस वार्ता में धनबाद थाना प्रभारी और सरायढेला थाना प्रभारी मौजूद थे







