DHANBAD : धनबाद के झरिया सुदामडीह थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। पाण्डेय बस्ती स्थित आउटसोसिंग के ओबी के पास स्थित सेल के रोपवे का लोहा चोरों द्वारा काटे जाने के दौरान एक व्यक्ति की ऊपर ने दबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि चोर गैस कटर की मदद से लोहा काट रहे थे, तभी अचानक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को आनन-फानन में अस्पताल भेजा गया, घायलों की हालत भी नाजुक बनी हुई है।

सूचना मिलने पर सुदामडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस शव को नीचे उतरने का प्रयास कर रही है, मृतक झरिया बनियाहिर का रहने वाला है। स्थल से एक गैस सिलेंडर भी बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजन ने बताया कि पाथरडीह में राजू खान के द्वारा अवैध लोहा गोदाम चलाया जा रहा है उसी के कहने पर लोहा काटने गया था, कहा कि जब तक राजू खान के द्वारा मुआवजा नहीं दिया जाएगा शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजेंगे। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि जीतपुर से चासनाला तक रोपवे है जो फिलहाल बंद है। पथराडीह और झरिया के अवैध लोहा माफिया द्वारा रोपवे काटा जा रहा है, जिसकी सूचना कई बार पुलिस को दी गई लेकिन लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि अगर रोपवे का रस्सी कट जाता तो कई बस्ती इसकी चपेट में आ जाते और बहुत बड़ा हादसा हो जाता।







