DHANBAD : धनबाद के झरिया भौंरा ओपी क्षेत्र में उस समय सनसनी मच गई जब पुलिस ने भौंरा सात नंबर स्थित उर्दू स्कूल के बगल के एक बंद आवास से चार जिंदा बम बरामद किया। पुलिस ने शक के आधार पर मोइनुद्दीन नामक एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बम क्यों और किस उद्देश्य से रखा गया था। वहीं पुलिस ने बरामद किए गए चारों बमों को सावधानीपूर्वक पानी में डालकर निष्क्रिय कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही जोड़ापोखर सर्किल इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार भी भौंरा ओपी पहुंचे और हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि बम कहां से आए और किन परिस्थितियों में रखे गए। इस घटना से पूरे इलाके में भय का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।







