DHANBAD : धनबाद के झरिया इलाके में मंगलवार को हुए सनसनीखेज गोलीकांड के बाद आज मृतक प्रेम यादव के परिजन धनबाद एसएनएमएमसीएच पहुंचे और पोस्टमार्टम हाउस से शव प्राप्त किया। इस दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। मृतक के पिता सुनील राय का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजन बार-बार यही कहते दिखे कि उनका बेटा साजिश का शिकार हुआ है।
हालांकि मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को दोनों मामलों में फर्जी तरीके से फंसाया गया था। पिता का कहना है कि प्रेम पिछले एक महीने से झरिया में रहकर ट्रांसपोर्टिंग का व्यवसाय संभाल रहा था और किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं था। वहीं, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव लेकर अपने गांव रवाना हो गए।
वहीं, घटना का खुलासा करने के लिए धनबाद पुलिस जुटी हुई है। धनबाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए कहा था कि मृतक प्रेम यादव बिहार के सारण जिले के मकेर थाना अंतर्गत फूलवारिया गांव का निवासी था। वह भेल्दी थाना क्षेत्र के राहुल पांडेय हत्याकांड में वांछित चल रहा था, और वह प्रेम पिछले एक महीने से धनबाद में रह रहा था। जबकि प्रेम को राहुल पांडेय गैंग से धमकी भी मिली थी। उन्होंने बताया कि अब तक मिले साक्ष्य से यही प्रतीत होता है कि उसी हत्याकांड के प्रतिशोध में प्रेम की हत्या की गई है।
बता दें कि मंगलवार दोपहर झरिया कतरास मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के सामने बाइक सवार तीन अपराधियों ने प्रेम यादव को बेहद नज़दीक से गोली मार दी थी। गोली उसके सिर में मारी गई, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने जानकारी पुलिस को दी। पुलिस घायल को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।







