DHANBAD धनबाद : लोयाबाद थाना क्षेत्र में हाईवा लूट की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर दिया है। बीते सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे एकड़ा शिव मंदिर के पास से अज्ञात अपराधियों ने हाईवा में सवार ड्राइवर के साथ मारपीट कर वाहन लूट लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए लूटा गया हाईवा (जेएच10एपी- 1438) बरामद कर लिया।
पुलिस ने घटना में शामिल दो अपराधियों उज्जवल कुमार (जहानाबाद) और राकेश कुमार सिंह (धनबाद) को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल (जेएच10एल-4605) भी बरामद की गई है।
धनबाद पुलिस ने इसे आपराधिक तत्वों पर कड़ा संदेश बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही है।







