DHANBAD धनबाद: धनबाद के कतरास स्थित बीसीसीएल एरिया-4 अंतर्गत अंगारपथरा स्थित बंद पड़े माँ अम्बे आउटसोर्सिंग के समीप मंगलवार को अचानक भूमिगत आग से जहरीली गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। लगातार उठ रहे काले, घने व तीखी दुर्गंध वाले धुएं ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। पूरे क्षेत्र में धुआं फैलने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह से धुंध की मोटी परत छाई छाई है। कई घरों के भीतर तक धुआं भर जाने से बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है। आंखों में जलन, खांसी और घुटन जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों में इस स्थिति को लेकर भय और आक्रोश है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि भूमिगत आग का दायरा और बढ़ा तो पूरा इलाका गंभीर खतरे में पड़ सकता है। स्थानीय लोग प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि फैल रहे खतरे पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके।
वहीं, मौके पर पहुंचे बीसीसीएल अधिकारी ने बताया कि यहां पहले कोयले का अंडरग्राउंड माइंस चला करता था, उससे उत्पन्न मीथेन गैस का औक्सीज के संपर्क में आने से स्वतः यह आग लगी है, जिसे बुझाने का प्रयास किया जा रहा है, जल्द ही इसपर नियंत्रण पा लिया जाएगा, साथ ही उन्होंने कहा कि बाघमारा क्षेत्र का हाल झारिया जैसा नही होगा, यहां आग किसी भी कीमत पर फैलने नही दिया जाएगा।







