Ramgarh : रामगढ़ जिला अंतर्गत कुजू ओपी क्षेत्र पिंडरा परियोजना के खुली खदान में कोयले की अवैध मुहाने से कोयला निकालने के क्रम में शुक्रवार को अचानक चाल धंस गया। जिससे एक बड़ी चट्टान महिला के ऊपर गिर गया जिससे घटना स्थल पर ही महिला की मौत हो गई । घटना की सूचना पर ग्रामीण घटनास्थल पहुंचकर ड्रिल मशीन से पत्थर को तोड़कर काफी मशक्कत के बाद महिला के शव को बाहर निकालकर आनन फानन में घर ले गए ।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि हुवाग कठरेहवा टोला निवासी गोविंद महतो की 30 वर्षीय पत्नी अनीता देवी शुक्रवार को पिंडरा के बंद पड़े खदान में बने अवैध मुहाने से कोयला निकल रही थी । इसी बीच अचानक चाल धंस गया । और उसके नीचे दबकर महिला की मौत हो गयी। ग्रामीण भारी मशक्कत के बाद महिला के शव को निकाल घर ले गए । इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि मृतिका का पति गोविंद महतो बाहर कार्य करता है । वहीं महिला जीविकोपार्जन के लिए खदान से कोयला निकालकर बच्चों का भरण पोषण करती थी । मृतका के दो पुत्री एवं एक पुत्र है ।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि सीसीएल प्रबंधन की लापरवाही की वजह से घटना घटी है ।बताते चले इस संबंध में ग्रामीणों ने ना तो पुलिस को खबर दी ना ही सीसीएल के किसी अधिकारी से कोई बात की । चूंकि परियोजना बंद है, खदान में ना तो कोई अधिकारी रहते हैं और ना कोई सुरक्षा कर्मी । वही बंद पड़े खदान को ना ही रिफिलिंग की गई है और ना ही खदान के आसपास गार्डवाल देकर घेराबंदी की गई है । जिससे कई बार दुर्घटना हो चुकी है।







