Jamtada: साइबर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे जामताड़ा पुलिस के अभियान में लगातार सफलताएं मिल रही है। इसी कड़ी में एक और बड़ी सफलता मंगलवार को मिली। जब पुलिस ने साइबर अपराध करते हुए रंगे हाथों 4 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी करमाटांड़ थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थान से की गई है। गिरफ्तार अपराधी के पास से 20 मोबाइल फोन, 30 सिम कार्ड, दो पासबुक और दो बाइक भी बरामद किया गया है। मामले का खुलासा जामताड़ा एसपी अनिमेष नैथानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस
में दिया।
एसपी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी की कुछ साइबर अपराधी संगठित होकर साइबर अपराध की घटना को अंजाम दे रहे हैं। सूचना का सत्यापन करते हुए एसपी ने साइबर डीएसपी मंजरुल होदा की नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। जिसमें पुलिस उपाधीक्षक विश्वनाथ सिंह साइबर अपराध थाना जामताड़ा और अन्य पुलिस कर्मियों को शामिल किया और करमाटांड थाना क्षेत्र के नदियाचौक ,नवाडीह और सामूपोखर गांव में छापेमारी की।छापेमारी के दौरान गुड्डू मंडल, भारत मंडल, बाबर अंसारी और माणिक कुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि प्राथमिकी अभियुक्त भारत मंडल पूर्व में भी साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुका है और वह दोबारा जेल से निकलने के बाद साइबर अपराध की घटना को अंजाम दे रहा था। साथ ही अन्य युवाओं को ट्रेनिंग भी दे रहा था । कहा कि यह साइबर अपराधी बिजली बिल जमा नहीं करने तथा बिजली लाइन काटने का मैसेज देकर तथा खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताकर साइबर की ठगी करता था। सभी साइबर अपराधियों को न्यायिक हिरासत से जेल भेज दिया गया है।







